होम = Breaking = RJD में इस्तीफे पर सस्पेंस बरकरार: मृत्युंजय तिवारी फैसले पर अडिग, प्रदेश अध्यक्ष बोले- कोई इस्तीफा नहीं मिला

RJD में इस्तीफे पर सस्पेंस बरकरार: मृत्युंजय तिवारी फैसले पर अडिग, प्रदेश अध्यक्ष बोले- कोई इस्तीफा नहीं मिला

Mrityunjay Tiwari RJD Resignation: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे की घोषणा के बाद पार्टी में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि, राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने इस्तीफे की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें अब तक कोई इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि मृत्युंजय तिवारी उनसे मिले थे, लेकिन इस्तीफे को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। उस समय पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. सुनील और रणविजय साहू समेत कई नेता भी मौजूद थे।

मंगनी लाल मंडल ने यह भी कहा कि मृत्युंजय तिवारी का यह दावा गलत है कि उन्होंने उन्हें इस्तीफा सौंप दिया है। उनके अनुसार, जब इस्तीफा मिला ही नहीं तो उसे स्वीकार करने का सवाल नहीं उठता। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के भीतर किसी प्रकार का आंतरिक विवाद नहीं है और राजद पूरी तरह एकजुट है।

अब्दुल बारी सिद्दीकी से मिले तिवारी, फैसले पर अडिग

इस्तीफे के बाद मृत्युंजय तिवारी ने राजद के राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सिद्दीकी से उनका पुराना संबंध है और वे अक्सर उनसे व्यक्तिगत विषयों पर भी मिलते रहे हैं। तिवारी ने दोहराया कि वह अपने इस्तीफे के फैसले पर कायम हैं।

उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के प्रति उनके मन में आज भी सम्मान है। लालू प्रसाद ने ही उन्हें प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी देकर सम्मानित किया था। तिवारी ने कहा कि उन्होंने हमेशा निष्ठा के साथ पार्टी और उसकी विचारधारा के लिए काम किया तथा कभी कोई लाभ का पद नहीं लिया। उनका कहना था कि आत्मसम्मान सबसे ऊपर है और जहां सम्मान न मिले, वहां एक पल भी रहना उचित नहीं।

ये भी पढ़े: मुंबई: मलाड में जगन्नाथ रथ यात्रा रोकने पर बवाल, 2 घंटे के विरोध के बाद मिली अनुमति