Nagaland: नागालैंड के मोन जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन और फ्लैश फ्लड में बच्चों समेत 8 लोगों की मौत की आशंका है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लोगों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान जारी है। मोन के डिप्टी कमिश्नर वेन्नेई कोन्याक ने बताया कि भूस्खलन से कई घर बह गए और मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका है। लगातार बह रहे पानी के कारण बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवक राहत कार्य में जुटे हैं।
नागालैंड सरकार ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि राज्य के कई हिस्सों में जारी खराब मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मोन के अलावा मोकोकचुंग जिले के तुली उपखंड और अन्य क्षेत्रों में भी भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, सड़क अवरोध और सार्वजनिक व निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये और घायलों को 74 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। सरकार ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी किनारों व ढलानों से दूर रहने की अपील की।
ये भी पढ़े: GTB अस्पताल में इलाज के दौरान मरीज पर गिरा सीलिंग फैन, कुछ घंटों बाद हुई मौत

