होम = Breaking = पति को छोड़ प्रेमी संग बसाया था घर, 2 साल बाद ट्रॉली बैग में मिला महिला का शव

पति को छोड़ प्रेमी संग बसाया था घर, 2 साल बाद ट्रॉली बैग में मिला महिला का शव

Nawada Woman Murder Daman: बिहार के नवादा जिले की रहने वाली छोटी कुमारी, जिसने करीब दो साल पहले पति का घर छोड़कर प्रेमी ऋषभ कुमार के साथ नई जिंदगी शुरू की थी, अब दमन में ट्रॉली बैग से शव मिलने के मामले में चर्चा में है। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या का शक उसी प्रेमी पर है, जिसके साथ वह पिछले दो वर्षों से रह रही थी। घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

पति का घर छोड़ प्रेमी संग चली गई थी

रोह थाना क्षेत्र के सिऊर गांव की रहने वाली छोटी की पहले शादी हो चुकी थी। इसी दौरान गांव के ही ऋषभ कुमार से उसके प्रेम संबंध बने और करीब दो साल पहले वह पति का घर छोड़कर उसके साथ चली गई। परिवार ने काफी तलाश की और रोह थाने में अपहरण व गुमशुदगी का मामला भी दर्ज कराया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

ट्रॉली बैग में मिला शव, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

घर छोड़ने के बाद दोनों दमन में किराये के मकान में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। हाल ही में स्थानीय लोगों ने संदिग्ध ट्रॉली बैग की सूचना पुलिस को दी। बैग खोलने पर महिला का शव मिला, जिसकी पहचान छोटी कुमारी के रूप में हुई। दमन पुलिस ने नवादा के रोह थाना को सूचना दी, जिसके बाद गांव के चौकीदार के माध्यम से परिवार को इसकी जानकारी दी गई। खबर मिलते ही परिजन दमन के लिए रवाना हो गए।

हत्या की वजह का इंतजार, आरोपी की तलाश जारी

परिजनों का आरोप है कि किसी विवाद के बाद ऋषभ कुमार ने छोटी की हत्या कर शव ट्रॉली बैग में छिपा दिया। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के कारण की पुष्टि नहीं की है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस कॉल डिटेल, दोनों के संपर्क और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। दमन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़े: चीन ने दिखाई हवा से लॉन्च होने वाली न्यूक्लियर बैलिस्टिक मिसाइल, पूरा भारत इसकी रेंज में