Nepal Heavy Rain: नेपाल में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। नेपाल पुलिस और नेपाली आर्मी की ओर से संवेदनशील इलाकों में माइकिंग कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। लोगों से नदी किनारे जाने से बचने और मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।
गंडक नदी का बढ़ने लगा जलस्तर
नेपाल और बिहार के बगहा क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के बीच गंडक नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी शुरू हो गई है। नदी किनारे बसे इलाकों में रहने वाले लोग जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। लगातार बारिश जारी रहने पर नदी का पानी और बढ़ने की आशंका है।
निचले इलाकों में बढ़ी चिंता
नेपाल के तराई क्षेत्र से लेकर पश्चिम चंपारण के बगहा तक बारिश का असर दिखाई दे रहा है। बारिश के कारण नदी और दूसरे जलस्रोतों में पानी का दबाव बढ़ रहा है। गंडक का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीण सतर्क हो गए हैं।
कोसी बैराज के 31 गेट खोले गए
कोसी बैराज में पानी का बहाव बढ़ने के बाद 31 गेट खोल दिए गए हैं। सुनसरी के प्रमुख जिला अधिकारी ईश्वरी प्रसाद अर्याल के मुताबिक, बैराज में फिलहाल 2 लाख 40 हजार क्यूसेक पानी का बहाव दर्ज किया गया है और रेड अलर्ट जारी है।
प्रशासन की स्थिति पर नजर
ईश्वरी प्रसाद अर्याल ने बताया कि पिछले वर्षों में कोसी में 5 लाख क्यूसेक से अधिक पानी का बहाव भी दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। कोसी पुल से वाहनों की आवाजाही अभी जारी है। पानी का बहाव बढ़ने पर स्थिति के अनुसार फैसला लिया जाएगा।
मौसम विज्ञान विभाग ने सप्तकोसी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले तटीय इलाकों और बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में आने वाले दिनों में उच्च सतर्कता बरतने की अपील की है।
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में किताबों पर क्यों लगा बैन? विधानसभा से लेकर हाई कोर्ट तक छिड़ी महाजंग, जानिए कारण

