Rule Change From 1st November 2026: अक्टूबर का आज आखिरी दिन है और 1 नवंबर 2026 से देश में कई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना है। इनका सीधा असर आम लोगों की जेब से लेकर कारोबार और यातायात तक पर पड़ सकता है। एलपीजी सिलेंडर की कीमतों, जीएसटी, टोल पास, मोबाइल कॉलिंग और शराब खरीदने के भुगतान से जुड़े नियमों में बदलाव की खबरें सामने आई हैं।
1. LPG सिलेंडर और हवाई ईंधन की कीमतों में बदलाव
तेल विपणन कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 नवंबर को नए दाम जारी हो सकते हैं। इससे पहले 1 अक्टूबर को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 62.50 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई थी, जबकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें स्थिर रही थीं। इसके अलावा विमान ईंधन यानी ATF की कीमतों में भी संशोधन संभव है।
2. टोल पास और यातायात नियमों में बदलाव
केंद्र सरकार टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निजी वाहन मालिकों के लिए 1,500 रुपये का सालाना टोल पास लाने जा रही है।
वहीं, दिल्ली में 1 नवंबर से दूसरे राज्यों में पंजीकृत पुराने गैर-BS6 वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की बात कही गई है। यह प्रतिबंध विंटर एक्शन प्लान का हिस्सा बताया गया है।
इसके अलावा महाराष्ट्र हाईवे पुलिस ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के नए कनेक्टिंग लिंक पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही स्थायी रूप से प्रतिबंधित करने का फैसला किया है। नया नियम 1 नवंबर से लागू होने की जानकारी दी गई है।
3. तमिलनाडु में शराब खरीदने पर डिजिटल भुगतान जरूरी
तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (TASMAC) ने 1 नवंबर से 1,000 रुपये से अधिक कीमत वाली शराब की बोतलों की खुदरा बिक्री पर डिजिटल भुगतान अनिवार्य करने का फैसला किया है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत ऐसी खरीदारी में नकद भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
4. GST रिफंड और रिटर्न प्रक्रिया में बदलाव
जीएसटी से जुड़े प्रस्तावित बदलावों से छोटे कारोबारियों को राहत मिल सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ मामलों में टैक्स रिफंड की स्वचालित मंजूरी की व्यवस्था की तैयारी है, जिससे रिफंड में देरी और दस्तावेजी प्रक्रिया कम हो सकेगी।
साथ ही, सालाना पांच करोड़ रुपये से कम टर्नओवर वाले उन कारोबारियों के लिए नई रिटर्न व्यवस्था की बात कही गई है, जो सीधे ग्राहकों को सामान या सेवाएं उपलब्ध कराते हैं।
5. मोबाइल पर कॉल करने वाले का नाम दिखाने का नियम
दूरसंचार विभाग (DoT) ने टेलीकॉम कंपनियों को कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन (CNAP) सुविधा लागू करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 1 नवंबर से मोबाइल पर कॉल करने वाले व्यक्ति का नाम दिखाने की व्यवस्था शुरू हो सकती है। इस सुविधा का उद्देश्य अनजान नंबर से आने वाली कॉल की पहचान आसान बनाना और ट्रूकॉलर जैसे थर्ड-पार्टी ऐप पर निर्भरता कम करना है।
ये भी पढ़े: ISRO की बड़ी कामयाबी, NVS-03 सैटेलाइट की सफल लॉन्चिंग पर पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों को दी बधाई

