Balochistan Terrorist Operations: पाकिस्तानी सेना ने रविवार को दावा किया कि बलूचिस्तान में पिछले कुछ दिनों के दौरान चलाए गए खुफिया-आधारित अभियानों में 73 आतंकवादी मारे गए। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के मुताबिक, पिछले 96 घंटों में क्वेटा, जियारत, नोशकी और टंप जिले के मंद इलाके में प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
क्वेटा से जियारत तक ऑपरेशन
ISPR के अनुसार, क्वेटा के शाबान इलाके में सुरक्षा बलों ने कई ठिकानों को निशाना बनाकर 33 आतंकियों को मार गिराया। मौके से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद होने की बात कही गई है। जियारत में 21 सितंबर से शुरू ऑपरेशन को पिछले 72 घंटों में तेज किया गया, जिसमें 23 आतंकियों के मारे जाने का दावा है। नोशकी में शुक्रवार को अलग-अलग अभियानों में 11 और मंद में 6 आतंकी मारे गए। सेना के मुताबिक, मंद से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद मिला। ISPR ने इन समूहों को ‘फितना अल खवारिज’ बताया है, जिसका इस्तेमाल पाकिस्तान प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के लिए करता है।
अफगान तालिबान पर लगाया आरोप
ISPR ने अफगान तालिबान सरकार पर पाकिस्तान में आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया। तालिबान सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने सुरक्षा बलों की कार्रवाई की सराहना की।
डुकी में 12 मजदूर अगवा
इस बीच डुकी जिले के पलारी इलाके में एक निर्माण स्थल पर अज्ञात हथियारबंद लोगों ने हमला कर 12 मजदूरों का अपहरण कर लिया। SSP मंसूर बुजदार के मुताबिक, प्रतिरोध करने पर एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई, जबकि दो घायल हुए। बलूचिस्तान में खदानों और निर्माण स्थलों को निशाना बनाकर दूसरे प्रांतों से आए मजदूरों के अपहरण की घटनाएं होती रही हैं। अफगानिस्तान की सीमा से लगे इस प्रांत में कई आतंकी संगठनों की हिंसा के कारण सुरक्षा चुनौती बनी हुई है।
ये भी पढ़े: रमीकल्चर ऐप मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, 442.35 करोड़ की संपत्ति जप्त

