Wednesday, Nov 11

होम = Breaking = पत्थरों से हमले के बाद अस्पताल में भर्ती बच्ची की घर वापसी, पंचकूला परिवार ने ली राहत की सांस

पत्थरों से हमले के बाद अस्पताल में भर्ती बच्ची की घर वापसी, पंचकूला परिवार ने ली राहत की सांस

Panchkula School Assault Case: हरियाणा के पंचकूला स्थित राजकीय संस्कृति मॉडल स्कूल में मारपीट का शिकार हुई पहली कक्षा की बच्ची को चंडीगढ़ PGI से छुट्टी मिल गई है। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती बच्ची ने जिंदगी और मौत के बीच लंबी लड़ाई लड़ने के बाद स्वास्थ्य में सुधार के साथ घर वापसी की है। माता-पिता के साथ घर लौटती बच्ची को देखकर परिवार ने लंबे समय बाद राहत की सांस ली है।

इस घटना ने पंचकूला समेत पूरे देश को झकझोर दिया था। बच्ची की सलामती के लिए हजारों लोगों ने दुआएं की थीं। अस्पताल से उसकी छुट्टी की खबर से उन सभी लोगों को राहत मिली है, जो लगातार उसके ठीक होने की कामना कर रहे थे।

समाजसेवी ने उठाई पढ़ाई की जिम्मेदारी

बच्ची के बेहतर भविष्य के लिए समाजसेवी अनिल थापर आगे आए हैं। उन्होंने ऐलान किया है कि बच्ची की पढ़ाई का पूरा खर्च वह खुद उठाएंगे। जब तक वह शिक्षा हासिल करेगी, उसकी पढ़ाई पर होने वाला खर्च अनिल थापर वहन करेंगे।

तीसरी कक्षा के छात्र ने पत्थरों से किया था हमला

बता दें कि पहली कक्षा में पढ़ने वाली इस बच्ची पर उसी स्कूल में पढ़ने वाले तीसरी कक्षा के एक छात्र ने पत्थरों से हमला किया था। इस मारपीट में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी और उसे इलाज के लिए चंडीगढ़ PGI में भर्ती कराया गया था।

बच्ची की घर वापसी से परिवार और उसके लिए दुआ करने वाले लोगों में खुशी है। अब उम्मीद की जा रही है कि वह धीरे-धीरे इस मुश्किल दौर से उबरकर फिर से पढ़ाई, खेल और सामान्य जीवन की ओर लौट सकेगी।

ये भी पढ़े: भोपाल में कार के चेसिस में छिपा मिला 7 फीट लंबा अजगर, रेस्क्यू के लिए उल्टी करनी पड़ी Alto 800