Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = पंचकूला स्कूल अटैक: शिकायत की बात से घबराया छात्र, पिता से मिलवाने के बहाने बच्ची को ले गया ऊपर; चाचा का खुलासा

पंचकूला स्कूल अटैक: शिकायत की बात से घबराया छात्र, पिता से मिलवाने के बहाने बच्ची को ले गया ऊपर; चाचा का खुलासा

Panchkula School Attack: हरियाणा के पंचकूला स्थित स्कूल में मासूम बच्ची पर हुए हमले को लेकर उसके चाचा ने नई जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, घटना से पहले आरोपी छात्र ने बच्ची को 'पागल' कहा था। इस पर जब बच्ची ने उसकी शिकायत करने की बात कही तो वह डर गया। इसके बाद वह पिता से मिलवाने का बहाना बनाकर बच्ची को ऊपर ले गया और वहां उस पर हमला कर दिया। इस बीच, जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने वाली बच्ची की हालत में सुधार हो रहा है। चंडीगढ़ PGI से सामने आए वीडियो में वह मां की गोद में मुस्कुराती नजर आ रही है।

शिकायत की बात सुनकर बच्ची को ऊपर ले गया था आरोपी

बच्ची के चाचा ने बताया कि स्कूल में बातचीत के दौरान आरोपी छात्र ने उसे 'पागल' कहा था। बच्ची ने जब इसकी शिकायत करने की बात कही तो वह घबरा गया। इसके बाद उसने बच्ची से कहा कि उसके पिता ऊपर हैं और वह उसे उनसे मिलवाने ले जाएगा। आरोप है कि इसी बहाने वह बच्ची को ऊपर ले गया और वारदात को अंजाम दिया।

चाचा के अनुसार, शुरुआती जानकारी में सामने आया था कि आरोपी छात्र PUBG और कुछ अन्य गेम खेलता था। हालांकि, उसके गेम खेलने और हमले के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मां की गोद में मुस्कुराती दिखी बच्ची

चंडीगढ़ PGI से सामने आए नए वीडियो में बच्ची अपनी मां की गोद में मुस्कुराती दिखाई दे रही है। उसने वीडियो कॉल पर अपने चाचा से भी बात की। चाचा को देखकर उसके चेहरे पर मुस्कान लौट आई। उन्होंने बताया कि बच्ची की हालत पहले से काफी बेहतर है। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि उसे मानो दूसरा जन्म मिला है। उन्होंने बच्ची को 'शेरनी' बताते हुए कहा कि उसने जिंदगी की कठिन लड़ाई लड़ी है।

परिवार के मुताबिक, अमेरिका और अरब देशों समेत कई जगहों से लोग बच्ची की सलामती के लिए संदेश भेज रहे हैं। देश-विदेश में लोग उसके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

होश आने पर मां को बताई पत्थर से मारने की बात

चाचा ने बताया कि होश में आने के बाद बच्ची ने अपनी मां को बताया था कि उसे पत्थर से मारा गया। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए परिवार फिलहाल उससे घटना के बारे में ज्यादा बात नहीं कर रहा है। परिजन उसे समझा रहे हैं कि वह बीमार है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है, ताकि उसे किसी तरह का मानसिक तनाव न हो।

28 अक्टूबर को स्कूल में हुआ था हमला

यह घटना 28 अक्टूबर को पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित एक स्कूल में हुई थी। यहां KG में पढ़ने वाली बच्ची पर उसी स्कूल के तीसरी कक्षा के 8 वर्षीय छात्र ने हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल बच्ची को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे चंडीगढ़ PGI रेफर किया गया। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद मामला देशभर में चर्चा में आ गया।

आरोपी छात्र ऑब्जर्वेशन होम में, काउंसलिंग जारी

पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जेजे एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। स्कूल के प्रिंसिपल, क्लास इंचार्ज और चौकीदार के खिलाफ भी FIR दर्ज हुई है। वहीं, आरोपी छात्र के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) के तहत कार्रवाई की गई है। कम उम्र के कारण उसे अंबाला के ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया है, जहां उसकी काउंसलिंग जारी है।

हरियाणा मानवाधिकार आयोग और हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।

प्रिंसिपल और दो शिक्षिकाएं सस्पेंड

हरियाणा शिक्षा विभाग की ओर से गठित कमेटी मामले की जांच कर रही है। अब तक स्कूल के प्रिंसिपल और दो JBT शिक्षिकाओं को निलंबित किया जा चुका है। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा है कि लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों की निगरानी में जांच जारी है और अंतिम रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बच्ची की सेहत में सुधार के बाद परिवार को उम्मीद है कि उसे जल्द अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। परिजन उसकी घर वापसी की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल उनकी प्राथमिकता बच्ची का पूरी तरह स्वस्थ होना है।

ये भी पढ़े: दिल्ली पुलिस में विरोध की कीमत चुकानी पड़ी! प्रदर्शन के बाद ACP मनस्वी वशिष्ठ सस्पेंड