Thursday, Sep 24

होम = News Latest = PoK हिंसा की गूंज लाहौर तक, प्रदर्शनकारियों पर पाक पुलिस का एक्शन; कई हिरासत में

PoK हिंसा की गूंज लाहौर तक, प्रदर्शनकारियों पर पाक पुलिस का एक्शन; कई हिरासत में

by | Aug 1, 2026 | News Latest

PoK Violence Lahore Protest: पाकिस्तान के लाहौर प्रेस क्लब के बाहर शनिवार को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में हुई हिंसा के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारी PoK के लोगों के समर्थन में एकजुटता जताने पहुंचे थे। उनके हाथों में प्लेकार्ड और PoK के झंडे थे तथा वे नारेबाजी कर रहे थे।

रैली शुरू होते ही पुलिस ने प्रदर्शन खत्म कराया

जैसे ही प्रदर्शन शुरू हुआ, पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कार्रवाई की। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों में बैठाया गया और रैली समाप्त करा दी गई। यह विरोध प्रदर्शन PoK में क्षेत्रीय चुनावों के दौरान हुई हिंसक घटनाओं के बाद आयोजित किया गया था। कुछ नेताओं का दावा है कि दूसरे चरण के मतदान से पहले सुरक्षा बलों के साथ हुई झड़पों में 30 से अधिक लोगों की मौत हुई।

रावलाकोट और कोटली में भड़की थी हिंसा

27 जुलाई को रावलाकोट और कोटली में हिंसक झड़पें हुई थीं। कोटली में विरोधी राजनीतिक गुटों के बीच संघर्ष में एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। वहीं, JAAC का दावा है कि सुरक्षा बलों की फायरिंग में कई लोगों की जान गई और कई अन्य घायल हुए, जबकि पुलिस के अनुसार उसके दो जवान भी घायल हुए थे।

रावलाकोट में स्थानीय लोग विरोध प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाईं, जिससे कई लोगों की मौत हुई। कई रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया कि हिंसा के बाद PoK के कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गईं। उल्लेखनीय है कि जून की शुरुआत से ही क्षेत्र में धरने, प्रदर्शन और सार्वजनिक परिवहन, बाजारों व अन्य कारोबारों के बंद रहने जैसी व्यापक विरोध गतिविधियां जारी हैं।

ये भी देखे: अयोध्या मेडिकल कॉलेज में मिला ‘बम बनाने का तरीका’ वाला संदिग्ध पर्चा, मचा हड़कंप; 3 छात्र गिरफ्तार