Thursday, Nov 12

होम = Breaking = पुर्तगाल में आवास संकट पर भड़के लोग, लिस्बन-पोर्टो में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर किया बल प्रयोग

पुर्तगाल में आवास संकट पर भड़के लोग, लिस्बन-पोर्टो में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर किया बल प्रयोग

Portugal Housing Crisis Protest: पुर्तगाल में बढ़ती आवास समस्या के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस के बीच रविवार को लिस्बन और पोर्टो में झड़प हो गई. हजारों प्रदर्शनकारी सरकार से किराये से जुड़े उस विधेयक को वापस लेने की मांग कर रहे हैं, जिसके कारण उनके मुताबिक देश में आवास संकट और गहरा सकता है.

लिस्बन में पुलिस ने हटाए 50 से ज्यादा टेंट

लिस्बन के रॉसियो स्क्वायर में शनिवार को हजारों लोगों ने मार्च निकाला था. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने वहां 50 से अधिक टेंट लगाकर कैंप बना लिया. रविवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस ने इसे हटाने की कार्रवाई शुरू की.

पुलिस कमांडर इउरी रोड्रिग्स ने प्रदर्शनकारियों को तीन बार चेतावनी दी थी कि अवैध रूप से लगाए गए टेंट हटाए जाएंगे और विरोध करने वालों पर अवज्ञा का मामला दर्ज हो सकता है. इसके बाद दर्जनों पुलिसकर्मी, जिनमें कुछ पुलिस कुत्तों के साथ थे, कैंप में पहुंचे. वहां मौजूद सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को ढाल और कुछ स्थानों पर लाठीचार्ज का इस्तेमाल कर हटाया गया.

पोर्टो में भी पुलिस ने हटाया टेंट कैंप

पोर्टो के डोम जोआओ प्रथम स्क्वायर में भी प्रदर्शनकारियों ने छोटा टेंट कैंप बनाया था. पुलिस ने वहां भी कार्रवाई कर कैंप खाली करा दिया. इससे पहले सोशलिस्ट पार्टी के सांसद पेड्रो डेलगाडो अल्वेस ने रॉसियो स्क्वायर के प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बताया था. उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में पुलिस की ओर से बल प्रयोग, शारीरिक हिंसा या लाठीचार्ज करने का क्या आधार था.

घरों की कीमतें दोगुने से ज्यादा बढ़ीं

पुर्तगाल यूरोप के गंभीर आवास संकट से जूझ रहा है, जिसका सबसे अधिक असर युवाओं पर पड़ा है. 2017 के बाद से देश में घरों की कीमतें दोगुने से ज्यादा हो चुकी हैं, जबकि नए किराया समझौतों में किराया भी लगभग दोगुना हो गया है.

पिछले कुछ हफ्तों में बढ़ती आवास लागत के खिलाफ प्रदर्शन तेज हुए हैं. स्पेन, फ्रांस, जर्मनी और यूरोप के अन्य हिस्सों में भी ऐसे विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. पिछले सप्ताह भी इन्हीं इलाकों में टेंट कैंप हटाने के दौरान पुलिस के लाठीचार्ज और दर्जनों लोगों की गिरफ्तारी को लेकर आलोचना हुई थी.

ये भी पढ़े: राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार जाएंगे जेल, BJP को दी ‘वोट चोरी’ पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी