Prabhas Fauzi Teaser Controversy: एक्टर प्रभास की आगामी फिल्म ‘फौजी’ का टीजर विवादों में घिर गया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पड़पोते चंद्र कुमार बोस ने फिल्म पर इतिहास को कथित तौर पर गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर फिल्म के निर्माताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, निर्देशक हनु राघवपुडी से मामले की गंभीरता समझने की अपील की है।
नेताजी के चित्रण पर चंद्र कुमार बोस ने जताई आपत्ति
चंद्र कुमार बोस ने मंगलवार को एक्स पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे पत्र को साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म का टीजर 23 अक्टूबर 2026 को जारी हुआ, इसी दिन क्रांतिकारी भगवती चरण पाणिग्रही का 83वां बलिदान दिवस भी था। बोस ने टीजर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस को एडोल्फ हिटलर से बात करते और काल्पनिक किरदार ‘फौजी’ का परिचय देते दिखाए जाने पर आपत्ति जताई।
टीजर हटाने और सेंसर बोर्ड पर कार्रवाई की मांग
चंद्र कुमार बोस ने टीजर में नेताजी के चित्रण को उनका अपमान बताते हुए सेंसर बोर्ड की मंजूरी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सूचना एवं प्रसारण मंत्री से मामले की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए बोस ने कहा कि ‘फौजी’ का टीजर हटाकर सुधार के बाद दोबारा जारी किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रभास और फिल्म की पूरी टीम के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
ये भी पढ़ें: OTT पर लगेगी लगाम? कंटेंट की निगरानी के लिए RSS ने बनाया पैनल

