Tuesday, Nov 10

होम = State = नीले ड्रम में लाश नहीं, नोटों का खजाना! प्रयागराज में जमीन के नीचे मिले करोड़ों रुपये

नीले ड्रम में लाश नहीं, नोटों का खजाना! प्रयागराज में जमीन के नीचे मिले करोड़ों रुपये

Prayagraj Cash Recovery: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक मकान के बरामदे की खुदाई के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए तीन ड्रम बरामद हुए हैं। इन ड्रमों में पॉलिथीन में लपेटकर नोटों के बंडल रखे गए थे। भारी मात्रा में नकदी मिलने की खबर सामने आते ही इलाके में हलचल मच गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, बरामद रकम करोड़ों रुपये की हो सकती है। हालांकि, नकदी की आधिकारिक गिनती पूरी होने के बाद ही इसकी वास्तविक मात्रा स्पष्ट होगी। यह मामला प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट के गंगानगर जोन में नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव का है। पुलिस ने बरामद नकदी को कब्जे में लेकर नवाबगंज थाने के मालखाने में सुरक्षित जमा करा दिया है।

सूचना मिलने पर पुलिस ने कराई मकान में खुदाई

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के एक मकान में बड़ी मात्रा में नकदी छिपाकर रखी गई है। इसके बाद नवाबगंज और सोरांव थाने की पुलिस ने कार्रवाई की। एसीपी सोरांव श्यामजी और एसीपी फूलपुर राजकुमार सिंह की मौजूदगी में मकान के बरामदे की खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान जमीन में गड़े तीन ड्रम मिले। जब इन्हें बाहर निकाला गया, तो इनके अंदर पॉलिथीन में लिपटे नोटों के बंडल मिले। बताया जा रहा है कि नोटों को सुरक्षित रखने के लिए पॉलिथीन में लपेटा गया था। बरामद नकदी में ज्यादातर 500 रुपये के नोट होने की जानकारी सामने आई है।

दो सगे भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ

इस मामले में पुलिस ने राकेश यादव और राजेश यादव नाम के दो सगे भाइयों को हिरासत में लिया है। दोनों से नकदी के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और उसे जमीन के नीचे ड्रमों में छिपाकर रखने की वजह क्या थी। नकदी मिलने के बाद संबंधित मकान को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। मकान के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ है और वहां पुलिस बल तैनात है। मौके पर नवाबगंज थाना प्रभारी पंकज अवस्थी समेत पुलिसकर्मी मौजूद हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी मामले की जांच पर नजर बनाए हुए हैं।

पुणे की कंपनी में काम करते थे दोनों भाई

ग्रामीणों के मुताबिक, राकेश यादव और राजेश यादव पहले पुणे की एक कंपनी में काम करते थे। गांव के लोगों का दावा है कि पिछले कुछ वर्षों में दोनों भाइयों ने कई बीघा जमीन खरीदी। इसके अलावा बाजार में मकान और दुकानें खरीदने की बात भी सामने आई है। उनके घर के पास एक मंदिर का निर्माण भी कराया जा रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर निर्माण के लिए लोगों से चंदा लेने की बात भी सामने आई है। गांव में दोनों भाइयों का व्यवहार सामान्य बताया जाता है। हालांकि, मकान से बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद पुलिस उनकी संपत्ति और रकम से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। ग्रामीणों की ओर से बताई गई इन जानकारियों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

नवरात्र के दौरान विवाद के बाद मिली थी सूचना

ग्रामीणों का कहना है कि शारदीय नवरात्र के दौरान देवी प्रतिमा विसर्जन को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि मकान में कथित तौर पर काला धन छिपाकर रखा गया है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की और खुदाई के दौरान तीन ड्रमों में नकदी बरामद हुई। हालांकि, नकदी को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच कर रही है कि रकम का वास्तविक स्रोत क्या है और उसे छिपाकर रखने के पीछे क्या कारण था। जांच पूरी होने के बाद ही इन सवालों के जवाब स्पष्ट हो सकेंगे।

आयकर, जीएसटी और खुफिया एजेंसियों को दी गई जानकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग, जीएसटी विभाग और खुफिया एजेंसियों को भी सूचना दी गई है। इन एजेंसियों की मदद से बरामद नकदी के स्रोत और उसकी वैधता से जुड़े पहलुओं की जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस नकदी की गिनती कराने और उससे संबंधित जानकारी जुटाने में लगी है। बरामद रकम कितनी है, वह कहां से आई और उसे जमीन के नीचे ड्रमों में क्यों छिपाया गया था, इन सभी सवालों पर जांच जारी है।

ये भी पढ़ें: सरकारी जॉब के नियमों को UP सरकार ने किया सख्त, हिंसा से ‘तख्ता पलटने’ वाले संगठनों से जुड़े लोग अब होंगे अपात्र