Tuesday, Nov 10

होम = News Featured = ‘इंदिरा गांधी के परिवार का कोई न आए’, राहुल गांधी के दौरे से पहले झोटा के पिता की अपील

‘इंदिरा गांधी के परिवार का कोई न आए’, राहुल गांधी के दौरे से पहले झोटा के पिता की अपील

by | Nov 2, 2026 | News Featured

Rahul Gandhi: पंजाब के मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद जारी धरने के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संभावित दौरे को लेकर नया विवाद सामने आया है। राहुल गांधी झोटा के परिवार से मिलने जाने वाले थे, लेकिन उनके पिता भीम सिंह ने उनसे प्रदर्शन स्थल और परिवार के पास नहीं आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नेहरू-गांधी और इंदिरा गांधी के परिवार से हैं। ऐसे में उनके परिवार के किसी सदस्य के आने से उन्हें पंथ से निष्कासित किए जाने का डर है।

राहुल गांधी और गांधी परिवार से दूर रहने की अपील

मानसा में चल रहे धरने को संबोधित करते हुए भीम सिंह ने कहा कि राहुल गांधी से उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है और न ही उनके साथ कोई अच्छा-बुरा रिश्ता है। लेकिन वह हाथ जोड़कर उनसे अनुरोध करते हैं कि राहुल गांधी या उनके परिवार का कोई भी सदस्य प्रदर्शन स्थल अथवा उनके परिवार के पास न आए। भीम सिंह ने बेअंत सिंह के परिवार और पूर्व कांग्रेसी नेता व बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू से भी इस मोर्चे से दूर रहने की अपील की।

पंथ से निष्कासन के डर से लिया फैसला

भीम सिंह ने अपने फैसले को सिख धर्म और पंथ से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो भी मान-सम्मान और स्थान मिला है, वह गुरु नानक देव, गुरु गोविंद सिंह, अकाली बाबा फूले सिंह, बाबा दीप सिंह और श्री अकाल तख्त साहिब से जुड़ाव के कारण मिला है। उन्होंने कहा कि अगर वह इन परिवारों के सदस्यों को प्रदर्शन के पास आने की अनुमति देते हैं तो उन्हें डर है कि पंथ की ओर से उन्हें तनखैया घोषित किया जा सकता है या निष्कासित किया जा सकता है। भीम सिंह ने स्पष्ट किया कि वह अपने धर्म और पंथ का अपमान नहीं कर सकते।

कई राजनीतिक नेता कर चुके हैं मुलाकात

इस मामले में हाल ही में आम आदमी पार्टी की सरकार के प्रतिनिधियों ने पहली बार पीड़ित परिवार से मुलाकात की है। इससे पहले 20 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा, सचिन पायलट और नवजोत सिंह सिद्धू भी मानसा पहुंचे थे। इसके अलावा अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता ने भी भीम सिंह से मुलाकात की थी।

20 दिन बाद भी नहीं हुआ परविंदर सिंह झोटा का अंतिम संस्कार

परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर 2026 को मानसा में एक केमिस्ट की दुकान पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना को 20 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन परिवार और एक्शन कमेटी ने अपनी मांगें पूरी होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। इसी वजह से परविंदर का शव अभी भी मानसा सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा हुआ है।

ये भी पढ़ें: US Midterm Election: 20 हजार गैर-अमेरिकियों के वोटिंग का दावा, ट्रंप के न्याय विभाग की कार्रवाई से विवाद