Raja Bhaiya Shri Ram Katha: जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया प्रतापगढ़ के बेंती राजभवन स्थित परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर तक चार दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन करा रहे हैं। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा सुनाएंगे। इस कार्यक्रम में राजस्थान के जोधपुर स्थित शरणार्थी शिविर में रह रहे पाकिस्तान से आए 500 हिंदू शरणार्थियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। आयोजन स्थल पर जर्मन हैंगर टेंट और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
शरणार्थियों के लिए ठहरने और तीर्थ यात्रा का इंतजाम
शरणार्थी परिवारों के लिए कथा स्थल के पास विशेष टेंट लगाए जा रहे हैं। उनके भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है। राजा भैया के मुताबिक, इन परिवारों को प्रयागराज के संगम घाट, अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन भी कराए जाएंगे। इसके लिए 10 बसें लगाई गई हैं।
2024 में भी शरणार्थियों की मदद कर चुके हैं राजा भैया
राजा भैया का पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों से पुराना जुड़ाव है। 2024 में उन्होंने जोधपुर के शिविर का दौरा कर परिवारों से मुलाकात की थी और आर्थिक सहायता दी थी। दिल्ली के मजनू का टीला में रहने वाले शरणार्थियों की भी उन्होंने मदद की है। हाल ही में शरणार्थी बच्चों की ओर से उनके जन्मदिन पर केक काटकर शुभकामनाएं देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अब राजा भैया ने वीडियो जारी कर लोगों से परिवार सहित कथा में पहुंचने की अपील की है।
कृष्ण जन्मभूमि और हिंदू राष्ट्र पर भी बयान
आयोजन से जुड़े बयानों में कथा को चुनाव या राजनीति से जोड़ने को गलत बताया गया। यह भी कहा गया कि कथा रोकना संविधान के खिलाफ है, क्योंकि हर व्यक्ति को पूजा का अधिकार है। राम मंदिर की तर्ज पर कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनाने और भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की बात कही गई। देश के धर्म के आधार पर हुए बंटवारे का जिक्र करते हुए सनातनियों से जागरूक रहने और SIR में मतदाता सूची से कटे नाम दोबारा जुड़वाने की अपील भी की गई।
ये भी पढ़े: दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा पर सपा सांसद SP सिंह का विवादित बयान, दोनों को बताया ‘ढोंग’

