होम = State = शादी से इनकार पर प्रेमिका को बाइक से 100 मीटर तक घसीटा, बिहार के राजगीर का वीडियो वायरल

शादी से इनकार पर प्रेमिका को बाइक से 100 मीटर तक घसीटा, बिहार के राजगीर का वीडियो वायरल

Rajgir Viral Video: बिहार के नालंदा जिले के राजगीर से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में एक युवक अपनी प्रेमिका को चलती बाइक के साथ सड़क पर घसीटता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब पांच साल से प्रेम संबंध था और शादी को लेकर विवाद के बाद यह घटना हुई। युवती ने मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शादी को लेकर हुआ विवाद

आरोपी युवक नवादा के नारदीगंज में अमीन के पद पर तैनात बताया जा रहा है। करीब चार-पांच दिन पहले वह प्रेमिका से मिलने राजगीर आया था। इसी दौरान युवती ने शादी की बात उठाई और रिश्ते को नाम देने का दबाव बनाया। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बाद युवक बाइक लेकर वहां से निकलने लगा।

युवती ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। वीडियो में युवती बाइक पकड़कर उसे रोकने का प्रयास करती दिख रही है, जबकि वह सड़क पर घिसटती चली जाती है। बताया जा रहा है कि वह करीब 100 मीटर तक घसीटी गई और मदद के लिए पुकारती रही। कुछ दूरी पर बाइक का संतुलन बिगड़ने से दोनों सड़क पर गिर गए।

भीड़ ने आरोपी को पकड़ा

इसके बाद दोनों में फिर विवाद हुआ। शोर सुनकर लोग जुट गए और आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि भीड़ से बचने के लिए युवक ने युवती को अपनी पत्नी बताते हुए इसे घरेलू विवाद बताया, लेकिन पुलिस की जांच में मामला शादी के विवाद से जुड़ा पाया गया।

युवती ने दर्ज कराई शिकायत

राजगीर थाना प्रभारी अभिजीत कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में युवक के सरकारी अमीन होने की पुष्टि हुई है। युवती ने नवादा के नारदीगंज थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया है। तथ्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े: मुंबई के CCI कैंटीन का फूड लाइसेंस सस्पेंड, किचन में मिले जिंदा कॉकरोच, फंगस लगी सब्जियां