Wednesday, Nov 11

होम = मनोरंजन = दिवाली पर ‘रामायण’ की रिकॉर्डतोड़ कमाई, 4 दिन में दुनियाभर से जुटाए करीब 500 करोड़

दिवाली पर ‘रामायण’ की रिकॉर्डतोड़ कमाई, 4 दिन में दुनियाभर से जुटाए करीब 500 करोड़

Ramayana Movie Box Office Collection: नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' ने दिवाली के मौके पर बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। रविवार को फिल्म ने भारत में 56.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही रिलीज के महज चार दिनों में फिल्म की दुनियाभर की कमाई 500 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई। 5 नवंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने त्योहार से पहले रिलीज होने वाली फिल्मों का रिकॉर्ड बनाया था और अब दिवाली पर भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

चार दिन में 'आदिपुरुष' को छोड़ा पीछे

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, 'रामायण' का चार दिनों का भारतीय नेट कलेक्शन 238.85 करोड़ रुपये हो गया है। इसने प्रभास की फिल्म 'आदिपुरुष' के शुरुआती चार दिनों के 237 करोड़ रुपये के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।

फिल्म का घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 285.20 करोड़ रुपये है, जबकि विदेशों से 214 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। इस तरह वर्ल्डवाइड कलेक्शन 499.20 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

दिवाली पर फिल्म ने सलमान खान की 'टाइगर 3' का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जिसने 2023 में 44.50 करोड़ रुपये कमाए थे। 2024 में 'सिंघम अगेन' ने 43.50 करोड़ और पिछले साल आयुष्मान खुराना की 'थामा' ने 24 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।

हिंदी वर्जन ने की सबसे ज्यादा कमाई

रविवार को फिल्म के देशभर में 21,770 शो हुए और करीब 23.53 लाख टिकट बिके। इसमें हिंदी वर्जन का योगदान सबसे ज्यादा 36.75 करोड़ रुपये रहा, जो 17,755 शो से आया।

कन्नड़ वर्जन ने 7.25 करोड़, तेलुगु ने 6.25 करोड़, तमिल ने 3.15 करोड़ और मलयालम वर्जन ने 2.75 करोड़ रुपये कमाए। रावण की भूमिका में यश होने के बावजूद कन्नड़ वर्जन को उम्मीद के मुताबिक दर्शक नहीं मिले। इसकी शुरुआत 7.50 करोड़ से हुई थी, लेकिन इसके बाद कमाई की रफ्तार नहीं बढ़ी। तेलुगु में प्रदर्शन बेहतर रहा, जबकि तमिल और मलयालम का योगदान कम रहा।

पहले दिन की कमाई में चौथे नंबर पर रही फिल्म

फिल्म ने पहले दिन 64.85 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। इसके साथ यह बॉलीवुड की चौथी सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों में शामिल हुई। इसने 'पठान' (57 करोड़), 'एनिमल' (63 करोड़) और 'दृश्यम 2' (62 करोड़) को पीछे छोड़ा, लेकिन 'आदिपुरुष' की 86.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग से आगे नहीं निकल पाई। दूसरे और तीसरे दिन भी यह पीछे रही, लेकिन रविवार की कमाई ने इसे चार दिनों के कुल कलेक्शन में आगे कर दिया।

2028 में आएगा दूसरा पार्ट

नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर फिल्म का निर्माण किया है। दो भागों में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में हैं। इसका दूसरा भाग दिवाली 2028 में रिलीज होने की योजना है।

ये भी पढ़े: पाकिस्तानी टीवी एंकर राबिया अहसन की गोली मारकर हत्या, पति ने पुलिस पूछताछ में कबूला जुर्म