होम = लाइफस्टाइल = ‘मुझे सालों तक पता ही नहीं था…’ सना सईद ने बताया बुलिमिया से संघर्ष, जानें क्या है यह ईटिंग डिसऑर्डर

‘मुझे सालों तक पता ही नहीं था…’ सना सईद ने बताया बुलिमिया से संघर्ष, जानें क्या है यह ईटिंग डिसऑर्डर

Sana Saeed Bulimia: 'कुछ कुछ होता है' और 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' की अभिनेत्री सना सईद ने 16 जुलाई को इंस्टाग्राम पर बताया कि वह बचपन से बुलिमिया नामक ईटिंग डिसऑर्डर से जूझ रही थीं। उन्होंने लिखा कि वर्षों तक उन्हें अपनी बीमारी का नाम तक पता नहीं था, क्योंकि उस समय इस पर खुलकर बात नहीं होती थी। बाद में बुलिमिया के बारे में पढ़ने पर उन्हें अपनी स्थिति समझ आई, लेकिन इसे स्वीकार करने में भी काफी समय लगा।

क्या है बुलिमिया?

पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक के मनोचिकित्सक डॉ. हमजा हुसैन के अनुसार, बुलिमिया नर्वोसा एक गंभीर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी ईटिंग डिसऑर्डर है, जिसमें व्यक्ति कम समय में अत्यधिक भोजन करता है और फिर वजन बढ़ने के डर से उल्टी करना, जरूरत से ज्यादा व्यायाम, लंबे समय तक उपवास या लैक्सेटिव का इस्तेमाल करता है। यह केवल दिखावे या इच्छाशक्ति की कमी नहीं, बल्कि मनोवैज्ञानिक, जैविक, आनुवंशिक और सामाजिक कारणों से जुड़ी बीमारी है।

लक्षण और खतरे

बुलिमिया से पीड़ित लोग अक्सर सामान्य वजन के कारण पहचान में नहीं आते। इसके संकेतों में भोजन के बाद बार-बार वॉशरूम जाना, वजन को लेकर अत्यधिक चिंता, डाइटिंग और बिंज ईटिंग का चक्र, खाने की आदतों में बदलाव तथा भोजन से जुड़ा मानसिक तनाव शामिल हैं। इलाज न होने पर डिहाइड्रेशन, इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन, हृदय संबंधी समस्या, पाचन तंत्र व भोजन नली को नुकसान, दांतों का क्षरण, हार्मोनल गड़बड़ी, चिंता, अवसाद और आत्म-क्षति का खतरा बढ़ सकता है।

डॉ. हुसैन का कहना है कि समय पर पहचान, पेशेवर इलाज और सामाजिक कलंक कम करने से बुलिमिया का सफल उपचार संभव है।

ये भी पढ़े: आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित जान से मारने की धमकी….?