Bollywood: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ओम पुरी ने अपने लंबे करियर में कई यादगार किरदार निभाए, लेकिन उनकी निजी जिंदगी काफी उतार-चढ़ाव से भरी रही। उन्होंने दो शादियां की थीं, लेकिन दोनों रिश्ते ज्यादा समय तक नहीं टिक पाए। अब उनकी पहली पत्नी सीमा कपूर ने अपने रिश्ते और उससे जुड़े दर्दनाक दौर को लेकर कई खुलासे किए हैं।
11 साल के रिश्ते के बाद हुई थी शादी
सीमा कपूर और ओम पुरी लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद शादी के बंधन में बंधे थे। हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्ते में दरार आ गई। सीमा के मुताबिक, उस दौरान ओम पुरी की जिंदगी में नंदिता की एंट्री हो चुकी थी, जिससे उनका वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ। इसी वजह से दोनों का तलाक हो गया। उस समय सीमा गर्भवती थीं और मानसिक आघात के कारण उन्होंने अपने अजन्मे बच्चे को भी खो दिया।
परिवार चाहता था कानूनी लड़ाई
हिंदी रश को दिए इंटरव्यू में सीमा ने बताया कि उनके परिवार, खासकर अन्नू भाई, चाहते थे कि वह कानूनी कार्रवाई करें। लेकिन उन्हें उम्मीद थी कि शायद भविष्य में रिश्ते को बचाया जा सके, इसलिए उन्होंने किसी तरह की लड़ाई से दूरी बनाए रखी।
बच्चे को लिखती थीं खत
सीमा ने बताया कि अपने बच्चे को खोने का दर्द उनके लिए बेहद गहरा था। वह अक्सर अपने अजन्मे बच्चे को खत लिखती थीं और उससे सवाल करती थीं कि वह दुनिया में क्यों नहीं आ पाया। इतना ही नहीं, वह उसकी ओर से जवाब भी लिखा करती थीं। उन्होंने कहा कि मां के पास राजस्थान लौटने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। इसी दौरान तलाक के कागजात भी आ गए और एक के बाद एक झटकों ने उन्हें तोड़ दिया।
सालों बाद ओम पुरी ने मांगी थी माफी
सीमा कपूर का दावा है कि कई साल बाद ओम पुरी उनके पास लौटे थे और उन्होंने अपने व्यवहार के लिए माफी भी मांगी थी। सीमा के मुताबिक, ओम पुरी को इस बात का पछतावा था कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ गलत किया। उन्होंने कहा कि कुछ रिश्ते अपने आप में पूर्ण होते हैं और उन्हें ओम पुरी जैसा गहरा रिश्ता फिर कभी नहीं मिला।
ये भी पढ़े: मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर 251 किमी/घंटा की रफ्तार से BMW हादसा, दो की मौत

