Shahjahanpur: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक युवक की कथित आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि पत्नी को प्रेमी से फोन पर बात करते देख मानसिक तनाव में आए 26 वर्षीय अनूप कुमार ने जहर खा लिया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पत्नी को प्रेमी से बात करते देखा, फिर उठाया कदम
मामला पुवायां थाना क्षेत्र के मजिदपुर गांव का है। परिजनों के अनुसार, 31 जुलाई को अनूप कुमार ने अपनी पत्नी मनु को कथित तौर पर उसके प्रेमी दिलीप से फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया। परिवार का आरोप है कि मनु अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी। इस घटना के बाद अनूप गहरे मानसिक तनाव में आ गया और उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
गंभीर हालत में उसके भाई अखिल ने उसे इलाज के लिए बरेली ले गया, जहां 1 अगस्त को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
भाई की शिकायत पर हुई कार्रवाई
अनूप के भाई अखिल की तहरीर पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी पत्नी मनु और उसके कथित प्रेमी दिलीप को गिरफ्तार कर लिया गया और दोनों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।
पुलिस हिरासत में भी शादी की बात
सूत्रों के अनुसार, पति की मौत और गिरफ्तारी के बाद भी मनु ने कोई पछतावा नहीं जताया। बताया जा रहा है कि पुलिस हिरासत के दौरान भी वह कथित तौर पर अपने प्रेमी दिलीप से शादी करने की इच्छा दोहराती रही। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़े: रूस के पास कार्गो शिप पर ड्रोन हमला, 3 क्रू मेंबर गंभीर घायल; जहाज में भीषण आग

