होम = Breaking = सांप के डसने से मौत पर होगी गहन जांच, मेरठ केस के बाद पुलिस सतर्क

सांप के डसने से मौत पर होगी गहन जांच, मेरठ केस के बाद पुलिस सतर्क

Meerut Snake Bite Death Investigation: क्या सांप के डसने से होने वाली हर मौत महज एक हादसा है? मेरठ में सामने आए चर्चित मामलों के बाद अब बागपत पुलिस भी इस सवाल को गंभीरता से देख रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी पति या पत्नी की मौत सांप के काटने से होती है और परिस्थितियां संदिग्ध नजर आती हैं, तो मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।

आजतक से बातचीत में बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज राय ने कहा कि हर मामले को उसके तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर देखा जाएगा। जांच में यदि कोई विरोधाभास, संदेह या साजिश की आशंका सामने आती है तो संबंधित थाना पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच करेगी।

मेरठ के मामलों के बाद पुलिस हुई सतर्क

मेरठ के हस्तिनापुर के चर्चित अतुल हत्याकांड और बहसूमा के अमित कश्यप प्रकरण ने सांप के डसने से होने वाली मौतों पर सवाल खड़े किए हैं। इसके बाद पुलिस अब ऐसी मौतों को केवल प्राकृतिक हादसा मानकर मामला बंद करने के बजाय हर पहलू की जांच कर रही है।

एसपी सूरज राय के मुताबिक, यह प्रक्रिया केवल Snake Bite Death तक सीमित नहीं है। किसी भी संदिग्ध मौत में पुलिस नियमानुसार जांच करती है। प्रथम दृष्टया संदेह होने पर वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर गहन पड़ताल की जाती है। मकसद यह सुनिश्चित करना है कि यदि किसी हत्या या अपराध को हादसे का रूप देकर छिपाने की कोशिश हुई है, तो उसका समय रहते खुलासा हो सके।

पुलिस का मानना है कि सांप के डसने से होने वाली ज्यादातर मौतें वास्तविक हादसे होती हैं। हालांकि, यदि गवाहों के बयान आपस में मेल न खाएं या घटनास्थल पर विरोधाभासी तथ्य मिलें, तो जांच आगे बढ़ाई जाएगी। ऐसे मामलों में पुलिस जरूरत पड़ने पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट से आगे जाकर पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी।

क्या है मेरठ का अतुल हत्याकांड?

पुलिस के अनुसार, भंडोरा गांव निवासी 35 वर्षीय अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ हस्तिनापुर के रामलीला मैदान स्थित कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल चलाता था। दोनों ने 2019 में प्रेम विवाह किया था। एक शुक्रवार सुबह दामिनी ने पति को सांप के काटने की बात बताकर सीएचसी हस्तिनापुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर अतुल के बिस्तर में सांप भी मिला। परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।

जांच में पुलिस ने दामिनी के मोबाइल की कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की। इसमें स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से उसके लगातार संपर्क का पता चला। पूछताछ में तुषार ने दामिनी से प्रेम संबंध होने और अतुल की हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की।

पुलिस के मुताबिक, साजिश के तहत गुरुवार रात अतुल को दूध में नींद की गोलियों की अधिक मात्रा दी गई, जिससे वह गहरी नींद में चला गया। इसके बाद सोनू और उदय की मदद से जहरीला सांप कमरे में लाकर उसके कंबल में छोड़ दिया गया। सांप के डसने से अतुल की मौत हो गई।

जांच में यह भी सामने आया कि अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था। आरोपियों ने बीमा की रकम मिलने के बाद सोनू और उदय को 5 लाख रुपये देने का वादा किया था। पुलिस के अनुसार, करीब 20 दिन पहले भी तुषार ने अतुल को अर्टिगा कार से टक्कर मारकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन हेलमेट पहने होने के कारण वह बच गया था।

ये भी पढ़े: राजस्थान लैब असिस्टेंट भर्ती OMR घोटाला: 4 अंक वाले अभ्यर्थी को मिले 191 नंबर, एक और आरोपी गिरफ्तार