Tuesday, Nov 10

होम = मनोरंजन = पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा को स्टेज पर लगा डर, फैन की हरकत से बीच में रोकना पड़ा कॉन्सर्ट

पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा को स्टेज पर लगा डर, फैन की हरकत से बीच में रोकना पड़ा कॉन्सर्ट

Sunanda Sharma Show: पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के जयपुर कॉन्सर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लाइव परफॉर्मेंस के दौरान अचानक एक फैन स्टेज पर चढ़ गया। उसे अपनी ओर आते देख सुनंदा बुरी तरह घबरा गईं और डर के मारे उनकी चीख निकल गई। इस घटना के बाद उन्हें कुछ देर के लिए अपनी परफॉर्मेंस रोकनी पड़ी। हालांकि, मौके पर मौजूद सिक्योरिटी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शख्स को स्टेज से नीचे उतार दिया।

गाना गाते समय अचानक स्टेज पर चढ़ा फैन

दरअसल, सुनंदा शर्मा जयपुर में आयोजित एक कॉन्सर्ट में परफॉर्म कर रही थीं। इसी दौरान सफेद शर्ट पहने एक शख्स अचानक स्टेज पर चढ़ गया। उसे अचानक सामने देखकर सिंगर घबरा गईं और जोर से चीख पड़ीं। मौके पर मौजूद सिक्योरिटी टीम तुरंत हरकत में आई और शख्स को मंच से नीचे उतारने लगी। इस दौरान सुनंदा बार-बार 'कोई बात नहीं... कोई बात नहीं' कहती नजर आईं। हालांकि, इस घटना के बाद वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और सिंगर को अपना कॉन्सर्ट बीच में रोकना पड़ा।

सुनंदा ने फैंस के प्यार के लिए कहा शुक्रिया

इस घटना के बाद सुनंदा शर्मा की परफॉर्मेंस के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। सिंगर ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कॉन्सर्ट के कुछ वीडियो शेयर किए हैं। इनमें वह अपने फैंस से मिले प्यार के लिए उनका शुक्रिया अदा करती नजर आ रही हैं। हालांकि, स्टेज पर अचानक फैन के पहुंचने की घटना पर उन्होंने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

कौन हैं पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा?

सुनंदा शर्मा पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की लोकप्रिय सिंगर और एक्ट्रेस हैं। उनके गाने अक्सर ट्रेंड में बने रहते हैं और सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग है। इंस्टाग्राम पर उन्हें 12 मिलियन लोग फॉलो करते हैं। उनके लोकप्रिय गानों में 'दूजी वार प्यार', 'मोरनी' और 'जट यमला' जैसे नाम शामिल हैं। अपनी गायकी और शानदार परफॉर्मेंस के चलते सुनंदा शर्मा ने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई है।

ये भी पढ़ें: महंगाई के खिलाफ जर्मनी में प्रदर्शन हिंसक, दुकानों में लूटपाट और पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी