India vs New Zealand: वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया के बल्लेबाजी क्रम में किए गए बदलाव पर काफी सवाल उठे। टीम मैनेजमेंट ने केएल राहुल को नीचे भेजकर अक्षर पटेल को नंबर-5 पर उतारा था। इस फैसले को लेकर हेड कोच गौतम गंभीर की आलोचना हुई, लेकिन पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने उनका समर्थन किया है। गावस्कर ने इस फैसले के पीछे की रणनीति को अलग नजरिए से देखा है।
अक्षर को नंबर-5 पर भेजना रणनीतिक फैसला
भारतीय टीम ने 39 रन के स्कोर पर तीसरा विकेट गंवा दिया था। ऐसे में आमतौर पर नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने वाले केएल राहुल की जगह अक्षर पटेल को भेजा गया। इस फैसले पर सोशल मीडिया पर गौतम गंभीर की जमकर आलोचना हुई। हालांकि, सुनील गावस्कर का मानना है कि गेंदबाजों की लय बिगाड़ने के लिए अक्षर को ऊपर भेजना रणनीतिक रूप से सही कदम था।
गावस्कर ने बताई अक्षर को ऊपर भेजने की रणनीति
मैच के बाद सुनील गावस्कर ने कहा कि बाएं हाथ के बल्लेबाज के आने से गेंदबाजों को अपनी लाइन और लेंथ बदलनी पड़ती है। इस कोशिश में उनकी लय बिगड़ सकती है, जिसका फायदा दाएं हाथ के बल्लेबाज को भी मिल सकता है। हालांकि, आंकड़ों के लिहाज से यह फैसला सफल नहीं रहा। अक्षर पटेल 17 गेंदों में सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए।
ये भी पढ़ें: छोटे लक्ष्य के सामने लड़खड़ाई टीम इंडिया, बारिश के बीच DLS से मिली जीत

