Friday, Nov 13

होम = Breaking = Tamil Nadu: तनिष्क शोरूम में चोरी, लिफ्ट के लिए छोड़े गए रास्ते घुसा चोर, करोड़ों के गहनों पर किया हाथ साफ

Tamil Nadu: तनिष्क शोरूम में चोरी, लिफ्ट के लिए छोड़े गए रास्ते घुसा चोर, करोड़ों के गहनों पर किया हाथ साफ

Tamil Nadu: तमिलनाडु के मदुरै में तनिष्क के नए शोरूम में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर ने लिफ्ट लगाने के लिए इमारत में छोड़े गए खुले हिस्से से रस्सी के सहारे अंदर प्रवेश किया और सोने-हीरे के गहने लेकर फरार हो गया। गुरुवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे कर्मचारियों को गहने गायब मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। CCTV फुटेज में काले कपड़े और नकाब पहने एक शख्स दिखाई दिया है। पुलिस को शक है कि वारदात को अकेले अंजाम दिया गया।

लिफ्ट के खुले हिस्से से अंदर पहुंचा चोर

यह घटना नेहरू नगर के नेताजी मेन रोड स्थित तनिष्क शोरूम की है, जिसका उद्घाटन 14 अक्टूबर को हुआ था। तीन मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर गहनों की बिक्री होती थी, दूसरी मंजिल खाली थी और तीसरी मंजिल पर गहने रखने के लिए लॉकर लगाए जा रहे थे।

शोरूम में लिफ्ट लगाने के साथ पेंटिंग, बिजली और प्लंबिंग का काम भी जारी था। इमारत के पीछे लोहे की मचान बनी हुई थी। पुलिस को आशंका है कि चोर मचान के सहारे इमारत तक पहुंचा और निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही रस्सी से नीचे उतरकर गहने चुरा ले गया। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि निर्माण, सजावट या शोकेस लगाने वाले किसी व्यक्ति की इसमें भूमिका तो नहीं है।

पुलिस की 9 टीमें कर रहीं जांच

सूचना मिलने पर SS Colony पुलिस मौके पर पहुंची। मदुरै के पुलिस कमिश्नर राजेंद्रन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। डिप्टी कमिश्नर इनिगो दिव्यन के नेतृत्व में नौ विशेष टीमें बनाई गई हैं।

पुलिस शोरूम और आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है। रात 3 बजे से इलाके से गुजरने वाले वाहनों और उनके मालिकों की भी जांच की जा रही है। आरोपी की तस्वीर प्रमुख बस टर्मिनलों और रेलवे स्टेशनों पर तैनात पुलिसकर्मियों को भेजी गई है।

शोरूम में था 13 किलो सोना और 3 किलो हीरा

चोरी से पहले शोरूम में करीब 13 किलो सोने के गहने और 3 किलो हीरे का स्टॉक मौजूद था। हालांकि, कितनी ज्वेलरी चोरी हुई और कुल नुकसान कितना है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस स्टॉक का मिलान कर रही है।

शोरूम रेलवे स्टेशन के पास स्थित है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ट्रेन से केरल या उत्तर भारत की ओर भाग सकता है। इसलिए रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। मदाकुलम, नेहरू नगर और बाइपास रोड समेत आसपास के इलाकों में भी तलाश जारी है।

ये भी पढ़े: छठ पर घर जाने के लिए मची मारामारी, ट्रेनें फुल और फ्लाइट टिकट ₹44,000 पार; 77 स्पेशल बसों का इंतजाम