Udhayanidhi Stalin Trisha Remark Controversy: तमिलनाडु में विपक्ष के नेता और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन अभिनेत्री तृषा को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी के बाद विवादों में घिर गए हैं। मामले में तमिलनाडु पुलिस ने उन्हें डिटेन किया है और उनके खिलाफ 6 धाराओं में FIR दर्ज की गई है। उदयनिधि ने कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित और बदले की कार्रवाई बताया है। वहीं, उन्होंने 'आज तक' से कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया और न ही किसी का नाम लिया। उन्होंने इस मामले पर आगे टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
छह धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने उदयनिधि के कथित बयान को लेकर BNS की धाराओं 196, 192, 352, 79, 296(B), 61 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। उदयनिधि ने अग्रिम जमानत के लिए मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया है, जहां मामले पर आज दोपहर सुनवाई होनी है।
TVK ने मांगी माफी, DMK ने किया बचाव
सत्तारूढ़ टीवीके ने उदयनिधि की कड़ी आलोचना करते हुए माफी की मांग की है। टीवीके नेता अधव अर्जुन ने उनके भाषण को अश्लील और द्विअर्थी बताते हुए महिला का अपमान करने और राजनीति का स्तर गिराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा महिलाओं के प्रति उदयनिधि की सोच को दर्शाती है और महिला मतदाता उन्हें राजनीति से बाहर कर देंगे। टीवीके प्रवक्ता फेलिक्स जेराल्ड ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में सवाल उठाया कि क्या उदयनिधि अपनी बेटी या बेटे को लेकर भी ऐसी टिप्पणी करेंगे?
हालांकि, डीएमके ने अपने नेता का बचाव किया है। पूर्व नेता टी. मनो थंगाराज ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि कावेरी जल विवाद और किसानों के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए मामला उठाया जा रहा है।
रैली में क्या हुआ था?
उदयनिधि कावेरी जल विवाद को लेकर प्रदर्शन के दौरान भीड़ को संबोधित कर रहे थे और मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधते हुए तमिलनाडु के लिए कावेरी के पानी के उचित प्रबंध की मांग कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ ने कथित तौर पर 'तृषा-तृषा' के नारे लगाए। आरोप है कि उदयनिधि ने पूछा कि लोग तृषा के नारे क्यों लगा रहे हैं और इसके बाद कथित तौर पर द्विअर्थी टिप्पणी के साथ अभद्र इशारा किया।

