UDISE Plus Report 2025-26: केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय की UDISE+ 2025-26 रिपोर्ट के अनुसार, देश में स्कूल छोड़ने वाले छात्रों (ड्रॉपआउट) की संख्या में लगातार कमी आई है। साथ ही, पहली बार स्कूल शिक्षकों की कुल संख्या 1.02 करोड़ से अधिक दर्ज की गई है। रिपोर्ट की तुलना 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के आंकड़ों से की गई है।
ड्रॉपआउट दर में उल्लेखनीय गिरावट
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रिपरेटरी स्तर पर ड्रॉपआउट दर 2.3% से घटकर 1.8% हो गई है। वहीं माध्यमिक स्तर पर सबसे बड़ा सुधार देखने को मिला, जहां यह दर 8.2% से घटकर 7.0% पर आ गई। मंत्रालय का कहना है कि इससे संकेत मिलता है कि स्कूल अब बच्चों के लिए अधिक सुलभ, सहयोगी और उनकी जरूरतों के प्रति संवेदनशील बने हैं।
रिटेंशन और नामांकन में भी सुधार
मिडिल स्तर पर छात्रों की रिटेंशन रेट 82.8% से बढ़कर 83.7% हो गई, जबकि माध्यमिक स्तर पर यह 47.2% से बढ़कर 51.9% पहुंच गई। सरकार के अनुसार, माध्यमिक स्कूलों की संख्या बढ़ने से छात्रों की पहुंच आसान हुई है, हालांकि फाउंडेशनल और प्रिपरेटरी स्तर पर रिटेंशन में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
पहली बार 1.02 करोड़ से ज्यादा शिक्षक
रिपोर्ट के अनुसार, देश में स्कूल शिक्षकों की संख्या पहली बार 1.02 करोड़ के पार पहुंच गई है। यह 2022-23 की तुलना में 8.3% की वृद्धि है, जिससे छात्र-शिक्षक अनुपात और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद जताई गई है। वहीं माध्यमिक स्तर पर ग्रॉस एनरोलमेंट रेशियो (GER) भी 68.5% से बढ़कर 71.7% हो गया है।
क्या है UDISE+?
UDISE+ (Unified District Information System for Education Plus) शिक्षा मंत्रालय का आधिकारिक डिजिटल डेटाबेस है, जो देशभर के स्कूलों के बुनियादी ढांचे, छात्र नामांकन और शिक्षकों से जुड़े रियल-टाइम आंकड़े एकत्र करता है। यह रिपोर्ट 31 मार्च 2026 तक स्कूलों द्वारा स्वेच्छा से अपलोड किए गए ऑनलाइन डेटा के आधार पर तैयार की गई है।
ये भी पढ़े: https://newsindia24x7.tv/bankipur-bypoll-bjp-abhishek-kumar-prashant-kishor/

