Ujjain Shahi Masjid: उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण को लेकर शाही मस्जिद के बाहर विरोध ने तनाव का रूप ले लिया। मस्जिद के कुछ हिस्से को हटाने की प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में जुटी भीड़ और पुलिस के बीच टकराव हुआ, जिसके बाद पथराव की स्थिति बनी। हालात संभालने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
सड़क चौड़ीकरण के विरोध में जुटी भीड़
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण की योजना है, जिसकी जद में शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा भी आ रहा है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में लोग मस्जिद के बाहर जुटे थे। प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ने के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाई थी।
महिलाओं को हटाते समय TI के हाथ में लगी चोट
घटना स्थल पर लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी के दौरान क्राइम ब्रांच की टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट लग गई। पुलिस के मुताबिक, विरोध के दौरान कुछ महिलाएं आगे बढ़ रही थीं। उन्हें सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए महिला पुलिस बल के साथ पहुंची टीआई के हाथ में चादर के कोने से कट लग गया। इसके बाद उनके हाथ में पट्टी बांधकर फर्स्ट एड दिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना में किसी महिला को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।
2 हजार से ज्यादा जवान तैनात
विरोध के बाद उज्जैन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मौके पर 2 हजार से ज्यादा पुलिस जवानों की तैनाती की गई और इलाके में चप्पे-चप्पे पर निगरानी बढ़ा दी गई। उज्जैन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराने के लिए समाज के लोगों से बातचीत शुरू की।
ये भी पढ़ें: उज्जैन में मोहर्रम जुलूस के दौरान खतरनाक प्रदर्शन, क्रेन पर लटकाई वैन को धमाके से उड़ाया; आरोपियों पर केस दर्ज

