Uttarakhand Heavy Rainfall: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट के बीच दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर खतरा बढ़ गया है। हाईवे से सामने आई तीन भयावह तस्वीरों ने यात्रियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पहाड़ों पर लगातार बारिश और बिजली की तेज गड़गड़ाहट के बीच कई जगह हालात बेहद खतरनाक नजर आए।
उफनते झरने ने सड़क को बनाया नदी
पहली तस्वीर में पहाड़ से तेज रफ्तार से उतरता पानी सड़क पर फैलता दिख रहा है। कुछ ही देर में सड़क नदी जैसी नजर आने लगी। पानी का बहाव इतना तेज था कि वहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया।
भूस्खलन से वाहन मलबे में फंसा
दूसरी तस्वीर में लगातार बारिश के कारण पहाड़ का हिस्सा दरकता और भारी मलबा सड़क पर गिरता दिखाई दिया। इस मलबे की चपेट में एक वाहन भी आ गया और वह फंसा नजर आया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ सेकेंड की देरी बड़ा हादसा बन सकती थी।
सैलाब में फंसा बाइक सवार
तीसरी तस्वीर में हाईवे पर अचानक तेज बहाव के साथ सैलाब आता दिखा, जिसकी चपेट में एक बाइक सवार आ गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत मदद कर उसे सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन तेज बहाव बाइक को सड़क से खाई की ओर बहा ले गया।
इन तीनों घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हैं। लोग इन्हें मानसून में पहाड़ी इलाकों के बढ़ते खतरे की चेतावनी मान रहे हैं। लगातार बिगड़ते मौसम और बढ़ते जलस्तर के बीच स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ ही मिनटों में सामान्य सड़क पर तेज पानी या मलबा आ सकता है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच हाईवे पर यात्रियों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। फिलहाल सभी की नजर आने वाले दिनों के मौसम और हाईवे के हालात पर बनी हुई है।
ये भी पढ़े: शादी से इनकार पर प्रेमिका को बाइक से 100 मीटर तक घसीटा, बिहार के राजगीर का वीडियो वायरल

