Vision SoC Made in India Chip: देश में जल्द ही CCTV कैमरों और अन्य सुरक्षा उपकरणों में मेड इन इंडिया Vision SoC सेमीकंडक्टर चिपसेट का उपयोग शुरू होगा। इसके लिए चेन्नई स्थित फैबलेस सेमीकंडक्टर कंपनी माइंडग्रो टेक्नोलॉजी ने प्रामा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ अहम समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत Vision SoC चिप का पहली बार व्यावसायिक स्तर पर उपयोग किया जाएगा और प्रामा इंडिया इसे अपने सुरक्षा उत्पादों में शामिल करेगी।
किफायती चिपसेट में मिलेंगे एडवांस फीचर्स
इस समझौते के बाद माइंडग्रो टेक्नोलॉजी के सह-संस्थापक और सीईओ शाश्वत टीआर का एक पुराना इंटरव्यू भी चर्चा में है। इसमें उन्होंने बताया था कि कंपनी CCTV और सिक्योरिटी कैमरों के लिए स्वदेशी सेमीकंडक्टर चिप विकसित करने के बेहद करीब है। अब यह तकनीक व्यावसायिक उपयोग के लिए तैयार हो चुकी है।
शाश्वत टीआर के अनुसार, Vision SoC एक किफायती चिपसेट है, जिसमें वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ ऑडियो रिकॉर्डिंग और कैमरे के सेंसर को नियंत्रित करने जैसी उन्नत क्षमताएं मौजूद हैं। यह चिप इमेज प्रोसेसिंग, वीडियो एन्कोडिंग और डेटा ट्रांसमिशन जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य भी कर सकती है।
उन्होंने कहा कि सरकार निगरानी से जुड़े संवेदनशील डेटा की सुरक्षा और उसके दुरुपयोग को रोकने पर जोर दे रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए माइंडग्रो टेक्नोलॉजी ने अपने मौजूदा चिप प्रोटोटाइप में कई सुरक्षा फीचर शामिल किए हैं। कंपनी CCTV उद्योग की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए Vision SoC चिप की नई श्रृंखला भी विकसित कर रही है।
ये भी पढ़े: मेरठ में जन्मदिन पार्टी से लौट रही युवती को पूर्व प्रेमी ने मारी गोली, हालत गंभीर

