Monday, Sep 14

होम = News Big = भारत ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर जीता महिला एशिया कप 2026, 8वीं बार बना चैंपियन

भारत ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर जीता महिला एशिया कप 2026, 8वीं बार बना चैंपियन

Women's Asia Cup 2026 Final: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रोमांचक फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से शिकस्त देकर महिला एशिया कप 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। भारत ने इस जीत के साथ रिकॉर्ड 8वीं बार एशिया कप खिताब जीता है। वनडे में भारत ने 2004, 2005, 2006 और 2008, जबकि टी20 में 2012, 2016, 2022 और 2026 में खिताब हासिल किया है।

स्मृति-शेफाली ने दिलाई धमाकेदार शुरुआत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। शेफाली ने 39 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों के साथ 68 रन बनाए, जबकि स्मृति ने 39 गेंदों पर 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 59 रन जोड़े। शेफाली के 129 के स्कोर पर आउट होने के बाद भारत की पारी की रफ्तार धीमी पड़ गई। मध्यक्रम के जल्दी आउट होने से 200 से अधिक का संभावित स्कोर 183 रन तक सीमित रह गया। ऋचा घोष ने 17 और जी. कमालिनी ने नाबाद 15 रन बनाए। भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए।

गेंदबाजों ने श्रीलंका की उम्मीदें तोड़ीं

184 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। क्रांति गौड़ ने शुरुआती विकेट लेकर दबाव बनाया। कप्तान चामरी अट्टापट्टू और विश्मी गुणारत्ने ने फिफ्टी प्लस साझेदारी से वापसी की कोशिश की, लेकिन दीप्ति शर्मा ने दोनों सेट बल्लेबाजों को आउट कर श्रीलंका को बड़ा झटका दिया। इसके बाद श्री चरणी ने हर्षिता समरविक्रमा और कविषा दिलहारी को पवेलियन भेज दिया। पूरी श्रीलंकाई टीम 111 रन पर सिमट गई और भारत ने 72 रन से फाइनल जीत लिया।

दोनों टीमों की प्लेइंग XI

भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमालिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा।

श्रीलंका: चामरी अट्टापट्टू (कप्तान), इमिशा दुलानी, विश्मी गुणारत्ने, हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविषा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), सुगंदिका कुमारी, चामुदी प्रबोदा, मिताली अयोध्या।

ये भी पढ़े: BRICS Summit 2026: शिखर सम्मेलन के बड़े फैसले और अहम बातें