Yogi Adityanath Supplementary Budget: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अंबेडकर नगर में समाजवादी पार्टी पर विधानसभा की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने ₹59 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया था, जिसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए प्रावधान किए गए हैं, लेकिन सपा ने सदन में भारी हंगामा कर कार्यवाही नहीं चलने दी।
लोकतंत्र के तीन स्तंभों में समन्वय जरूरी
योगी ने कहा कि अनुपूरक बजट में युवाओं के रोजगार, किसानों के उत्थान और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के तीन प्रमुख स्तंभ—विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका—आपसी समन्वय से विकास की गति तेज करते हैं।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में माघ मेले के दौरान लगने वाले बड़े मेले को अब आधिकारिक राज्य स्तरीय मेले का दर्जा देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कटेहरी उपचुनाव के बाद क्षेत्र में ₹1,500 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी गई थी और अब अंबेडकर नगर को ₹706 करोड़ की परियोजनाओं का उपहार दिया जा रहा है।
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर कारीगरों को बधाई
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर योगी ने प्रदेश के लाखों बुनकरों और कारीगरों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनकी कला ने भारतीय हथकरघा को विरासत, स्वदेशी भावना और राष्ट्रीय पहचान के प्रतीक के रूप में नई पहचान दी है।
उन्होंने कहा कि 7 अगस्त 1905 को स्वतंत्रता सेनानियों ने स्वदेशी को मार्गदर्शक सिद्धांत बनाया था। आज हथकरघा और खादी क्षेत्र उसी भावना को आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र से जुड़े लाखों उद्यमियों और कारीगरों को बधाई दी।
ये भी पढ़े: जर्मनी से गिफ्ट के नाम पर ₹6.31 लाख की ठगी, 3 विदेशी नागरिक गिरफ्तार

